निगम पुरानी डीजल बसों के स्थान पर अब भेजी जाएंगी ई-बसें
डीजल बसों के खराब होने की समस्या से भी मिलेगा छुटकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। सोलन से रोहड़ू, धर्मशाला और हमीरपुर जाने वाले यात्रियों को जल्द ही इलेक्ट्रिक बसों में सफर करने की सुविधा मिलेगी। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) सोलन डिपो ने तीन नई इलेक्ट्रिक बसों को इन रूटों पर चलाने की तैयारी पूरी कर ली है। इन बसों को पुरानी डीजल बसों के स्थान पर चलाया जाएगा। लंबी दूरी के रूट होने के कारण रास्ते में निर्धारित बस अड्डों पर बसों को चार्ज किया जाएगा।
निगम ने डीजल बसों के बार-बार खराब होने की समस्या को देखते हुए यह निर्णय लिया है। निगम के अनुसार, पूरी तरह चार्ज होने पर एक इलेक्ट्रिक बस करीब 180 से 220 किलोमीटर तक चल सकती है। सोलन से रोहड़ू की दूरी लगभग 142 किलोमीटर और हमीरपुर की दूरी करीब 180 किलोमीटर है। वहीं, सोलन से धर्मशाला की दूरी लगभग 270 किलोमीटर है। ऐसे में धर्मशाला रूट पर बस को बीच रास्ते में चार्ज करना होगा। अन्य रूटों पर भी जरूरत के अनुसार चार्जिंग की व्यवस्था की जाएगी।
इन बसों को पहले से चल रही डीजल बसों की समय-सारणी के अनुसार संचालित किया जाएगा। इससे यात्रियों को बसों के बार-बार खराब होने से होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
ट्रायल के बाद निर्णय
निगम की ओर से इन रूटों पर संचालन से पहले इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल किया गया है। इसके बाद ही इन्हें लंबी दूरी के रूटों पर चलाने का निर्णय लिया गया। निगम के अनुसार, इन बसों में आधुनिक सुविधाओं के साथ यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा।
धर्मशाला, रोहड़ू और हमीरपुर रूटों पर चलने वाली डीजल बसों के स्थान पर नई इलेक्ट्रिक बसें भेजने का निर्णय लिया है। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बसों को पुरानी डीजल बसों की समय-सारणी के अनुसार ही चलाया जाएगा।
-तरसेम सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, सोलन