बद्दी के एक निजी व्यक्ति ने अपने बोर से कामगार पानी भरते हुए। संवाद
पेयजल योजना की मोटर खराब होने से आई दिक्कत
अधिकारी बोले मंगलवार से छोड़ा जाएगा पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी के वार्ड एक व दो में दो दिनों से पेयजल किल्लत बनी हुई है। लोग पानी की बूंद-बूंद के लिए भटक रहे हैं। इस वार्ड में कुछ लोगों ने अपने निजी बोरवेल कराए हैं लोगों को वहां से पानी भरना पड़ रहा है। पेयजल योजना की मोटर खराब होने से यह समस्या आई है।
इन दोनों वार्डों में ज्यादातर कामगार किराए के कमरों में रहते हैं। दिन में कंपनी में काम करने के बाद सुबह शाम पानी के लिए यह कामगार भटक रहे हैं। वार्ड नंबर दो में अशोक शर्मा, गुरचरण सिंह ने अपना ट्यूबवेल चला कर लोगों को पानी की सुविधा दे रहे हैं।
कामगारों के पास पानी स्टोर करने के लिए एक या दो बाल्टी होती है। रोज सुबह व शाम को पानी आता है। इसलिए इन लोगों को पानी स्टोर करने की जरूरत भी नहीं पड़ती थी लेकिन दो दिन से पानी न आने से इन लोगों के पास हाथ धोने के लिए भी पानी नहीं था। पानी के अभाव में कुछ कामगार कंपनी से अवकाश लेकर अपने घर चले गए हैं।
उधर, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार भारद्वाज ने बताया कि मोटर खराब होने से पेयजल किल्लत हो गई थी। सोमवार दोपहर बाद मोटर की मरम्मत होने के बाद उसे चालू कर दिया है। मंगलवार सुबह पानी छोड़ दिया जाएगा।