तीनों योजनाओं से जुड़े गांवों में पेयजल संकट
कैंथा चडियार, भडेरी और चंडी पेयजल योजनाओं में की सेंधमारी
कैंथा चडियार पेयजल योजना के चौकीदार को बंद कर की चोरी
सैकड़ों ग्रामीणों को कई दिनों से नहीं मिला पानी
जलशक्ति विभाग बोले-आज आपूर्ति की जाएगी बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। क्षेत्र की तीन पेयजल योजनाओं में शातिरों ने सेंधमारी कर मोटर पैनल के तार चुरा लिए। इसका खामियाजा सैकड़ों को ग्रामीणों को झेलना पड़ रहा है। जल शक्ति विभाग ने इसकी शिकायत पुलिस को भी दी है। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।
बद्दी की कैंथा चडियार, भडेरी और चंडी पेयजल योजनाओं में पिछले दस दिनों में अलग-अलग समय पर चोरी हुई। इसके कारण दून की पट्टा नाली पंचायत के पेयजल मुहैया कराने वाली कैंथा चडियार पेयजल योजना पिछले दस दिनों से बंद है। योजना के चौकीदार को बाहर से बंद करके चोरों ने योजना का पैनल का सामान चुराया। पंचायत के एक दर्जन गांव के लोगों को पानी की बूंद-बूंद के लिए भटकना पड़ रहा है।
इसके अलावा भडेरी उठाऊ पेयजल योजना के पंप हाउस में पैनल का सामान भी चोरी होने से यह योजना भी पिछले चार दिन से बंद है। योजना के बंद होने से क्षेत्र के दस गांवों के लोगों को पानी नहीं मिल रहा है। चार दिन पहले चोरों ने इस योजना का भी पैनल के तार और सामान चोरी कर लिया। इससे ये योजना भी बंद है। योजना के बंद होने से जोहड़ जी, भडेरी, बहमंडी समेत दस गांव में पानी नहीं पहुंच रहा है। बालद खड्ड से चंडी क्षेत्र के लिए बनाई उठाऊ पेयजल योजना का भी तार चोर ले गए थे। लेकिन विभाग ने इस योजना को कुछ ही घंटों में वापस जोड़ कर चालू कर दिया।
चंडी योजना से दून के पूरा पहाड़ी क्षेत्र के लोगों की प्यास बुझती है। इस योजना से चंडी, गोयला, कुठाड़, धारवा, घडसी, बुखार कनेता, गागुडी, भागुवड़ी, ढंगयार पंचायतों के तीन सौ गांवों को पानी सप्लाई होता है।
जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कुमार भारद्वाज ने बताया कि योजना के पैनल चोरों ने चोरी कर लिए हैं। चौकीदार को बंदी बना कर चोर पैनल से तांबे का तार चोरी करके ले गए। इसकी शिकायत पुलिस को भी दी है। उन्होंने बताया कि तार का इंतजाम कर लिया है। बुधवार तक इस योजना को चालू कर दिया जाएगा।
एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस के पास पेयजल योजना के पैनल में चोरी होने की शिकायतें मिलीं हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है।