बोले, वार्ड सिस्टर रोगियों से करें अच्छा व्यवहार
सीएमओ ने नालागढ़ अस्पताल समेत आधा दर्जन पीएचसी का किया निरीक्षण
गर्भवती महिलाओं, बीपी, शुगर के मरीजों की नियमित जांच के दिए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय पाठक ने सोमवार को नालागढ़ अस्पताल समेत आधा दर्जन स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों को समय पर ड्यूटी पर पहुंचने और वार्ड सिस्टरों को रोगियों के साथ अच्छा व्यवहार करने के आदेश दिए गए।
इस दौरान उन्होंने केंद्रों में तैनात चिकित्सकों को बीपी, शुगर और गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच करने के आदेश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की जांच के बाद समय-समय पर उनका फॉलोअप करने के भी निर्देश दिए। इस दौरान उनके साथ बीएमओ नालागढ़ डॉ. कविराज नेगी भी मौजूद रहे।
सीएमओ डॉ. अजय पाठक ने मझोली, राजपुरा, दतोवाल, ढाणा, बारियां और नालागढ़ अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के टीकाकरण और टीबी मरीजों को दी जाने वाली दवाओं की भी जांच की। नालागढ़ अस्पताल में डायलिसिस सेंटर का निरीक्षण किया गया, जहां वर्तमान में केवल तीन मशीनें उपलब्ध हैं। इनमें दो नेगेटिव और एक पॉजिटिव रोगियों के लिए रखी गई है, जो रोगियों की संख्या के हिसाब से कम हैं। ऐसे में अतिरिक्त मशीन लगाने पर भी विचार किया गया।
सीएमओ ने नालागढ़ अस्पताल के वार्डों में सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। डॉ. अजय पाठक ने कहा कि हाई रिस्क वाले रोगियों और गर्भवती महिलाओं का नियमित फॉलोअप किया जाना जरूरी है। शुगर और बीपी की दवा लेने वाले रोगियों की समय-समय पर जांच करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि रोगी समय पर दवाइयां ले रहे हैं या नहीं। उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों में कार्य व्यवस्था सुचारू पाई गई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए गए।