बुजुर्ग, बच्चे और युवा वर्ग आ रहे चपेट में, विभाग हुआ अलर्ट
चिकित्सकों ने लोगों से सेहत पर ध्यान देने का किया आग्रह
क्षेत्रीय अस्पताल में आने वाले मरीजों का रखा जा रहा डाटा
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शहर और आसपास के क्षेत्रों से सोलन अस्पताल में रोजाना डायरिया के मामले आ रहे हैं। अस्पताल में रोजाना 15 मरीज डायरिया से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं। डायरिया के मामलों के अलावा बुखार, खांसी और गला खराब की शिकायत लेकर भी मरीज आ रहे हैं। ऐसे में ओपीडी में भी लगातार इजाफा हो रहा है। वर्तमान में मेडिसिन ओपीडी 300 के पार हो रही है। बताया जा रहा है कि पिछले दो सप्ताह से अस्पताल में लगातार मामले आ रहे हैं। अस्पताल प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। जिले के बड़े अस्पताल में मामले बढ़ने से जिला स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ गई हैं।
शहर के आसपास मामले बढ़ जाने के कारण स्वास्थ्य महकमे ने लोगों को पानी उबाल कर पीने का आग्रह किया गया है। वहीं, अस्पताल स्टाफ को मरीजों का पता लगाने के लिए उनसे रजिस्टर तैयार करने को कहा गया है। ओपीडी और भर्ती मरीजों को डाटा रखा जा रहा है। अभी तक के डाटा के अनुसार मामले एक जगह के नहीं है।
गौर रहे कि बीते दो माह परवाणू में लगातार डायरिया मामले आ रहे थे। परवाणू में अब तक 600 लोग डायरिया से पीड़ित हो चुके हैं। वहां पानी के सैंपल भी फेल हो चुके हैं। लेकिन इन दिनों शहर और आसपास के क्षेत्रों से मामले आ रहे हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। सोलन में भी आशा वर्कर और आंगनबाड़ी वर्करों की सहायता लेकर आईईसी एक्टिविटी की जा रही है।
इनसेट
डायरिया के लक्षण
-लगातार दस्त होते हैं। शरीर में पानी की कमी हो जाती है। कमजोरी आ जाती है।
-शुरू में बुखार आता है, भूख कम लगती है और सिर में तेज दर्द होता है।
-उल्टियां होती है, पेटदर्द, सुस्ती रहने लगती है।
इनसेट
-डायरिया से बचाव के लिए पानी उबाल कर पीना चाहिए।
-शौच जाने के बाद हाथ अच्छे से धोकर खाना खाएं।
-दस्त लगने पर ओआरएस का घोल मरीज को दें।
-जितना जल्द हो सके, मरीज को अस्पताल पहुंचाएं।
-साफ और ढका हुआ खाना ही खाएं।
-खान-पान में जंक फूड के इस्तेमाल से परहेज करें।
इनसेट
क्षेत्रीय अस्पताल में लगातार डायरिया मामले बढ़ रहे हैं। रोजाना करीब 10 गंभीर मरीजों को वार्ड में भर्ती करना पड़ रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक चपेट में आ रहे हैं।
-डॉ. कमल अटवाल
मेडिसन विशेषज्ञ, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन