बद्दी का टालीवाल में मदन सिंह का ढाबा धू धू कर जलता हुआ। संवाद
- फोटो : SOLAN
नालागढ़ (सोलन)। दून की सनेड़ पंचायत के टालीवाल गांव में एक ढाबे में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फायर ब्रिगेड जब तक मौके पर पहुंची तो आग से सब कुछ नष्ट हो गया था। इसके अलावा एक मिठाई की दुकान समेत चार अन्य स्थानों पर आग की घटनाएं हुई हैं।
बेलीखोल गांव में रहने वाले मदन सिंह ने टालीवाल में लीज में जमीन लेकर ढाबा बना रखा है। बीती रात 8:50 मिनट पर जब मदन सिंह घर पर था तो अचानक उसके ढाबे में लग गई। आग लगते ही गांव से सभी लोग मौके पर पहुंचे और आग को बुझाने में जुट गए लेकिन आग बुझने की बजाय और तेज हो गई।
फायर ऑफिसर जयपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने आग पर पानी डाल कर उसे बुझाया लेकिन तब तक सब कुछ नष्ट हो गया था। करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग से ढाबे में रखी नकदी और जेवर भी जल गए।
मदन सिंह दिवाली मनाने के साथ लगते अपने गांव बैली खोल गया था। आग से पांच लाख रुपये की संपत्ति जल कर राख हो गई। एक महीना पहले ढाबा संचालक का 26 वर्षीय बेटा अचानक मर गया था, ढाबा जलने से उस पर मुसीबत का पहाड़ टूट गया।
नालागढ़ के घोड़ा चौक पर एक मिठाई की दुकान में आग से हजारों रुपये का नुकसान हुआ। यहां पर आग लगने का कारण पता नहीं चल पाया। अनिल कुमार को 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ। फायर ब्रिगेड ने मौके पर जाकर आग को बुझाया।
इसके जगातखाना गांव में कबाड़ में आतिशबाजी गिरने से आग लगी। आग से यहां पर ब्यास दूबे का कबाड़ जल गया और करीब दो हजार का नुकसान हुआ। फायर ब्रिगेड ने मौके पर आकर आग पर काबू पाया।
इसके अलावा भोगपुर भांगला में पाल सिंह के मक्की के टंडों में आग लगने से 15 हजार का नुकसान हुआ। खोखरा में अमर सिंह के घास में आग लगने से पांच हजार रुपये का नुकसान हुआ। फायर अफसर जलपाल सिंह ने आग लगने की पुष्टि कर बताया कि फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।