जिले के कसौली निर्वाचन क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय खोलने की मांग उठने लगी है। हैरत की बात है कि सोलन का कसौली क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से विश्व मानचित्र पर अंकित है। इसके बावजूद यहां एसडीएम कार्यालय न होना कई सवाल खड़े करता है। लोगों का कहना है कि कसौली विधानसभा क्षेत्र में एसडीएम कार्यालय न होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों को एसडीएम कार्यालय से संबंधित कार्यों के लिए सोलन जाना पड़ता है। कसौली विस क्षेत्र के कुछ इलाकों की दूरी सोलन से करीब 50 किलोमीटर तक है। इससे जहां समय बर्बाद होता है, वहीं आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ता है। कसौली में अभी तक तहसील मुख्यालय ही है, उपमंडल कार्यालय नहीं खोला गया है। लोगों का कहना है की तहसील कार्यालय के साथ ही एसडीएम कार्यालय खुलता है तो लोगों की आधे से ज्यादा समस्या समाप्त हो जाएगी।
70 हजार आबादी की है ये मांग
कसौली विस क्षेत्र की आबादी करीब 70 हजार है। इसके अलावा सौ से अधिक छोटे-बड़े होटल भी हैं। यही नहीं चुनाव के दौरान यहां एसडीएम दफ्तर खोलने की मांग को मुद्दा भी बनाया जाता रहा है। लेकिन धरातल पर कुछ नहीं हुआ। आलम यह है कि हजारों लोगों के हित से जुड़े इस मुद्दे को लेकर अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने गंभीरता से प्रयास ही नहीं किए।
सभी खंडों में है एसडीएम कार्यालय
सोलन जिला के सभी विकास खंडों सोलन, अर्की, नालागढ़, कंडाघाट मे एसडीएम ऑफिस हैं। धर्मपुर विकास खंड या कसौली तहसील में आज तक एसडीएम कार्यालय नहीं खुला। लोगों का आरोप है कि कसौली निर्वाचन क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों का कहना था कि पहले लोग कसौली तहसील में कार्य करवाते हैं और फिर सोलन जाते हैं। ऐसे में यदि कसौली तहसील कार्यालय के साथ ही एसडीएम कार्यालय खुलता है तो लोगों का समय बचेगा। साथ ही सोलन आने-जाने में होने वाला खर्चा भी नहीं होगा।
सरकार तक पहुंचाएंगे मांग
कसौली छावनी के उपाध्यक्ष जसप्रीत सिंह, गढ़खल-सनावर पंचायत प्रधान राजेंद्र शर्मा, निर्मल पंचायत नाहरी के पूर्व उपप्रधान मनमोहन शर्मा, कसौली-गढखल पंचायत उपप्रधान श्यामलाल ठाकुर, गुल्हाड़ी पंचायत प्रधान मदनमोहन मेहता, जंगेशु पंचायत प्रधान मालती देवी, बीडीसी सदस्य जाबली किरण प्रकाश अत्री, धर्मपुर पंचायत प्रधान ओमप्रकाश पंवर, रौडी पंचायत उपप्रधान दिनेश शर्मा, जाबली पंचायत के उपप्रधान विनय अत्री, वार्ड सदस्य जयदीप अत्री, गनोल पंचायत उपप्रधान पतराम, बीडीसी धर्मपुर के उपाध्यक्ष सोहन सिंह भट्टी ने कहा कि लोगों की मांग को सरकार तक पहुंचाने के लिए विशेष मुहिम छेड़ी जाएगी।