अंबुजा सीमेंट कंपनी में कार्यरत दो सिविल सुरक्षा गार्डों ने ट्रक चालक के साथ मारपीट की है। ट्रक चालक की बाजू में गहरी चोटें आई हैं। पुलिस चालक को मेडिकल करवाने के लिए दाड़लाघाट सरकारी अस्पताल ले गई।
अस्पताल में चिकित्सक के न होने के कारण पीड़ित चालक का मेडिकल नहीं हो सका। इसके बाद चालक को मेडिकल के लिए अर्की सरकारी अस्पताल लाया गया। पुलिस ने पीड़ित ट्रक चालक की शिकायत पर दो आरोपी सुरक्षा गार्डों के खिलाफ मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस मामले में सोलन के सरकारी अस्पताल से आने वाली ओर्थोपेडिक डॉ. की फाइनल ओपिनियन का इंतजार कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में ट्रक नंबर एचपी 11, 0990 के चालक जय कुमार पुत्र दुर्गा राम निवासी मंडी ने बताया है कि जब वह ट्रक भरने के लिए प्लांट के अंदर जा रहा था तभी ट्रक यार्ड के पास गलत साइड से ट्रक निकले। वहां पर खड़े कंपनी के दो सिविल सुरक्षा गार्ड भड़क कर गाली गलौच करने लगे। इसका विरोध करने पर सुरक्षा गार्डों ने उसे गाड़ी से बाहर खींच कर लात घूसों व डंडों पीट डाला। उधर घटना के बाद से कंपनी ने सिविल सुरक्षा गार्डों को काम पर से हटा दिया है। डीएसपी नरवीर सिंह राठौर ने मामले की पुष्टि की है।