पुरानी रंजिश के चलते बद्दी थाने के तहत एक युवक को पहले बाइक से हिट किया। उसके बाद जब सड़क पर गिर गया तो उसके ऊपर से बाइक निकालने का प्रयास किया लेकिन ऐन मौके पर युवक ने छलांग लगाकर जान बचाई। पुलिस ने युवक का मेडिकल कराने के बाद मामला दर्ज कर लिया है।
खाल खोल गांव के चमन लाल ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह अपने साथी अरुण व हरीश के साथ पैदल भुड्ड की ओर आ रहा था। जैसे ही वह भंगी राम के मकान के पास पहुंचा तो दूसरी ओर से एक युवक मदन लाल व कुलदीप बाइक एचपी 12 जी 3311 पर आए और उसके पेट से टकराते हुए बाइक को आगे निकाला। उसके पेट से बाइक टकराते ही वह सड़क पर गिर गया।
मदन लाल आगे से बाइक लेकर मुड़ा और चमन लाल के ऊपर बाइक चढ़ाने लगा लेकिन चमन ने साथ लगते खेत में छलांग लगा कर अपना जान बचाई। इन दोनों युवकों ने उसे धमकी दी कि आज तो वह बच गया है लेकिन आगे उसे जिंदा नहीं छोड़ेंगे। एसपी बिशेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने चमन लाल के बयान पर मामला दर्ज कर धारा 341, 323 व 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।