सनावारा और च्यालीनाला के पास दो सड़क हादसों में चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में से एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रेफर कर दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि सोलन पुलिस अधीक्षक अंजुम आरा ने की है।
पुलिस थाना धर्मपुर में एंबुलेंस 108 से सूचना मिली कि एक गाड़ी सनवारा के पास गिरी हुई है।
हादसे के तीन घायल उपचाराधीन थे। एक घायल अंकित की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों में गुनीष और अमित को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। गाड़ी गुनीष चला रहा था। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
वहीं, एक अन्य मामले में जतीन शर्मा पुत्र राकेश कुमार गांव दियाण डाकघर कोटबेजा तहसील कसौली ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह अपने दोस्त यशवंत के साथ अपनी स्कूटी पर घर से दयोथल मंदिर गंबरपुल जा रहा था। जब वह च्यालीनाला पहुंचा तो कैंची मोड़ की तरफ से एक तेज रफतार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे उसे और स्कूटी सवार उसके दोस्त को चोटें आई हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।