न्यू नालागढ़ के एक दुकानदार पर एक व्यक्ति ने उधार मांगने पर पिस्तौल तान दी। किसी तरह भाग कर दुकानदार ने जान बचाई। आरोप है कि पहले दुकान में घुस कर चार लोगों ने उसकी धुनाई की, बाद में उसे जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पुनीत ने न्यू नालागढ़ में दुकान खोल रखी है। पुनीत ने रेहड़ू गांव के उजागर सिंह को 24 हजार रुपये उधार दिए थे। उजागर सिंह ने 20 दिन के भीतर पैसा लौटाने की बात कही थी।
लेकिन उसने निर्धारित समय में पैसा नहीं लौटाया। कई बार पैसा मांगा लेकिन वह आनाकानी करता रहा। बीती देर शाम पुनीत ने उजागर सिंह के भांजें गुरनाम को फोन किया तथा उसे अपने मामा से उधार चुकाने को कहने को कहा। इसके बाद गुरनाम सिंह अपने पिता, मामा उजागर सिंह और मामा के बेटे को साथ लेकर उसकी दुकान पर आ धमका।
उजागर सिंह ने पुनीत को पकड़कर पहले दीवार के साथ पटका, इसके बाद उसके ऊपर पिस्टल तान दी। पुनीत ने किसी तरह भागकर दूसरी दुकान में घुसकर अपनी जान बचाई।
बाद में स्थानीय लोगों की मदद से वह वहां से निकला। इस बीच आरोपियों ने पीड़ित की दुकान पर पानी फेंका तथा जाते-जाते धमकी दे गए कि अगर पुनीत ने उनसे माफी नहीं मांगी तो वह उसे जान से मार देंगे। उन्होंने लात मारकर उसकी गाड़ी को भी डेंट डाल दिए।
पुनीत ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि उसे उजागर सिंह के परिवार से जान का खतरा है। पुलिस ने पुनीत के बयान पर उजागर सिंह और उनके परिजनों के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।