एनएच-21 बद्दी-नालागढ़-स्वारघाट मार्ग पर कृपालपुर के पास 26 वर्षीय बाइक सवार युवक तेज रफ्तारी में ओवरटेक करते हुए टैंपों से जा टकराया। सिर पर हेलमेट नहीं होने की वजह से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, हादसे में बाइक पर सवार एक अन्य को चोटें आई हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
आदोवाल के युवक की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं, बिना हेलमेट और ओवरस्पीड वाहन चालकों पर शिकंजा कसने की पुलिस की मुहिम पर भी कठघरे में है। सवाल उठ रहे हैं कि यातायात की पालना के तमाम अभियान क्या महज कागजों तक समिति हैं? माना जा रहा है कि चालक अगर सिर पर हेल्मेट पहने होता तो उसकी जान बच सकती थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक देशराज (26) पुत्र रामलोक निवासी आदोवाल डाकघर रेडू गांव के ही अन्य लड़के लक्की के साथ घर की ओर जा रहा था। इस दौरान कृपालपुर के निकट एक गाड़ी को ओवरटेक करते हुए देशराज की बाइक बद्दी की ओर से आ रहे टैंपो से जा टकराई। हादसे में बिना हेल्मेट के बाइक पर सवार देशराज सीधे टैंपों से जा टकराया।
उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक पर पीछे बैठा लक्की को 108 एंबुलेंस की मदद से नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। एसपी बद्दी बशेर सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि चालक की तेज रफ्तारी और लापरवाही के कारण यह हादसा पेश आया है। पुलिस ने मामला दर्ज करते जांच शुरू कर दी है।