अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही एक निजी बस के चालक ने नालागढ़ में बाइक सवार को रौंद दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को नालागढ़ अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक मौके से फरार हो गया था। मृतक की पहचान सूरज प्रकाश निवासी खिल्लियां के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सूरज शुक्रवार को अपने मोटरसाइकिल पर बरूणा जा रहा था। इस बीच सामने से आ रही सनराइज स्कूल की बस ने मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। इससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूरज के घायल होने की सूचना उसके चचेरे भाई वेद प्रकाश को मिली और वह मौके पर पहुंचा। वेद प्रकाश ने ही अन्य लोगों व एंबुलेंस की मदद से घायल सूरज को अस्पताल पहुंचाया। यह सीएचसी नालागढ़ के चिकित्सकों ने सूरज प्रकाश को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई पहुंचने से पहले ही बद्दी में उसने दम तोड़ दिया।
एएसपी एनके शर्मा ने बताया कि पुलिस ने निजी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर मृतक का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।