अर्की (सोलन)। सोलन की सीमा पर सटे बिलासपुर के साथ अल्ट्राट्रेक सीमेंट फैक्टरी के नजदीक शालुघाट के जंगल में लगी आग की चपेट में आकर पांच ट्रक जल गए। आग की चपेट में पहले दो ट्रक आए। इसके बाद तीन अन्य ट्रकों ने भी आग पकड़ ली। इससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार सोमवार को दिन के समय रास्ते के साथ लगती पहाड़ी पर शरारती तत्वों ने घास में आग लगा दी। इस दौरान आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया और यह बड़ा हादसा हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों का कहना है कि आग भड़कने का मुख्य कारण तेज हवाएं रहीं। हवा चलने से आग रोड साइड खड़े ट्रकों में पहुंच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर फायर ब्रिगेड कर्मियों को बुलाया। लेकिन जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची तब तक आग काफी फैल चुकी थी। थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि ट्रक यार्ड के पास लगी आग पर काबू कर लिया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है ।