हाईवे पर गोली मारने और लूट के आरोपियों से ढाई लाख बरामद
कलेक्शन एजेंट को मारी थी गोली, नालागढ़ और रामशहर में भी चोरियां कर चुके हैं आरोपी
अब बीबीएन में लूट को अंजाम देना नहीं होगा आसान
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। बद्दी पुलिस ने गोली मार कर लूट को अंजाम देने वाले लुटेरे इससे पहले यहां से चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके थे। पुलिस ने गोलीकांड के लुटेरों से ढाई लाख रिकवर कर लिया जिसमें पुलिस जल्द ही बकाया राशि भी वसूल कर लेगी। इन आरोपियों ने नालागढ़ में एक व्यक्ति से 64 हजार रुपये लूटने और रामशहर थाने के तहत एक बाइक को चोरी किया था। इसके मामले नालागढ़ व रामशहर थाने में दर्ज हैं। बद्दी पुलिस अब तकनीकी दृष्टि के काफी मजबूत होने से चोरी व लूट को अंजाम देकर भागने वाले लुटेरे अब सुरक्षित नहीं है। सात जनवरी को बद्दी में हुआ गोली कांड एक ब्लाइंड मामला था लेकिन पुलिस ने वैज्ञानिक व तकनीकी तरीके से इसे हल कर दिया। पुलिस ने यह साबित कर दिया है कि अब चोरों के लिए बद्दी पुलिस से बच निकलना संभव नहीं है।
आरोपियों ने कबूल किए क्षेत्र के अन्य आरोप
एसपी बिंदू रानी सचदेवा ने बताया कि संडोली स्थित राष्ट्रीय मार्ग पर हुआ गोली कांड पूरी तरह से ब्लाइंड था। चोरों ने रामशहर व नालागढ़ में हुई चोरी की घटनाओं को कबूला है और अभी और चोरियों का पर्दाफाश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि नालागढ़ में तेजाब कांड में आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने जाल बिछा दिया है और जल्द ही इसमें सफलता मिलेगी। उन्होंने व्यापारी वर्ग से अपील की है कि सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं जिससे चोर यहां से चोरी का अंजाम देने के बाद बच कर नहीं जा सके। गोली कांड में भी एक स्थानीय ग्रामीण के सीसीटीवी कैमरे के चलते चोरों को पकड़ने में काफी सफलता मिली है।
पुलिस की कार्यप्रणाली को सराहा
बद्दी विकास मंच के अध्यक्ष बेअंत सिंह ठाकुर, लघु उद्योग भारती फार्मा विंग के सलाहकार चिरंजीव ठाकुर, चेयरमैन सतपाल जस्सल ने पुलिस की कार्यप्रणाली की तारिफ कर कहा कि अगर पुलिस ऐसे की कार्य करती रही तो आने वाले समय में चोर चोरी करने से पहले दस बार सोचेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं ने नशे के प्रति बढ़ती प्रवति के चलते भी कई युवा नशे की चपेट में आ रहे थे लेकिन सरकार ने जबसे नशे के छोटे मामले भी दर्ज करने और जमानत पर न छोड़ने का फैसला लिया। इससे आने वाले समय में युवा नशे से पीछे हटेंगे।