कंडाघाट में दोस्त ने सिर पर कुदाली मारकी हत्या
नेपाली मूल के व्यक्ति की हत्या के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने एक संदिग्ध हिरासत में लिया
पुलिस ने कब्जे में लिया मृतक का शव, नहीं हो पाई पहचान
अमर उजाला ब्यूरो
कंडाघाट (सोलन)। उपमंडल कंडाघाट के कंशावला गांव में एक व्यक्ति की कुदाली मारकर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार देर शाम की है। पुलिस ने इस मामले में एक किरायेदार को शक पर हिरासत में लिया है। इसकी पहचान प्रेम राज के रूप में हुई है। प्रेम राज से पुलिस पूछताछ कर रही है। अभी तक मरने वाले और आरोपी की कोई पहचान नहीं हो पाई है। सभी आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो चुके हैं।
जानकारी के अनुसार नेपाली मूल के तीन से चार लोग शुक्रवार को प्रेम राज के घर पर आए थे। यहां यह सभी पूरा दिन शराब पीते रहे। इस बीच दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। इस पर आरोपी ने पास पड़ी कुदाली से अपने दोस्त के सिर पर प्रहार कर दिया। वह उसे लहूलुहान छोड़कर मौके से फरार हो गए। देर शाम जब प्रेम राज का नशा टूटा तो उसने घर में बेसुध पड़े व्यक्ति को देखा और इसकी सूचना अपने मकान मालिक को दी। मकान मालिक ने इस संबंध में पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर शक के आधार पर प्रेम राज को हिरासत में ले लिया। प्रेम राज भी पूछताछ के दौरान मृतक की पहचान नहीं कर पाया। पुलिस ने इसके बाद पुलिस ने कंशावला गांव में रह रहे नेपाली मजदूर को हिरासत में लेकर मामले की से संबंधित पूछताछ और जांच शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही मामले की पड़ताल : एएसपी
एएसपी सोलन शिव कुमार ने पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं मामले के संबंध में वहां के स्थानीय नेपाली मजदूर को हिरासत में लिया गया है। इससे मामले से संबंधित पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही पूरे मामले से पर्दा उठा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हत्याकांड की सूचना मिलते ही पुलिस कर्मचारियों को मौके पर भेजा था। मृतक के शव का पोस्टमार्टम सोलन अस्पताल में करवाया है।