परवाणू कैंटर यूनियन विवाद के बाद थाना प्रभारी का तबादला
बावा गुट ने जताया था थाना प्रभारी की भूमिका पर संदेह
बावा विरोधी गुट ने लगाए थे एसएचओ जिंदाबाद के नारे
अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। करीब तीन माह पहले महिला थाना सोलन से परवाणू की जिम्मेवारी संभालने वाले प्रभारी का तबादला कर दिया गया है। हालांकि पुलिस प्रशासन इसे चुनावों से पहले की रूटीन कार्रवाई बता रहा है लेकिन अचानक हुए तबादले के तार परवाणू में चल रहे कैंटर यूनियन विवाद से भी जोड़े जा रहे हैं। बावा गुट ने थाना प्रभारी पर दूसरे गुट को शह देकर माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया था। वहीं बावा के विरोधी गुट ने थाना परवाणू के बाहर प्रभारी के समर्थन में नारे लगाए थे। परवाणू में गत 11 फरवरी को मुख्य बाजार में बावा हरदीप सिंह के कार्यालय में कार्यरत पवन से कुछ लोगों ने धक्कामुक्की की और भागते समय जमीन में गोली चला दी थी। इस घटना के विरोध में बावा हरदीप के नेतृत्व में ऑपरेटर कसौली रोड में धरने पर बैठ गए और यातायात जाम कर दिया। इसी बीच कुछ लोगों ने हवा में गोलियां चलाते हुए बावा गुट पर तलवारों व अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इसमें बावा समर्थक गंभीर रूप से घायल हो गया। बावा गुट मामले में थाना प्रभारी की भूमिका पर भी उन्होंने संदेह जताया था।
डीएसपी के विरोध और एसएचओ के समर्थन में लगे थे नारे
डीएसपी परवाणू ने थाना प्रभारी परवाणू को साथ लेते हुए बावा विरोधी गुट के तीन लोगों को तुरंत हिरासत में लिया था। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में बावा विरोधी गुट ने पुलिस स्टेशन परवाणू के बाहर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। हालांकि इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने वाले डीएसपी के विरोध में नारे लगे। वहीं थाना प्रभारी के समर्थन में नारेबाजी की गई। इसके बाद से थाना प्रभारी की भूमिका पर सवाल उठने शुरू हो गए थे।
एसआईटी से भी बाहर कर दिए थे थाना प्रभारी
गोलीकांड की घटना के बाद पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। इसकी जांच का जिम्मा थाना प्रभारी धर्मपुर के हवाले कर दिया गया। परवाणू के थाना प्रभारी को इस टीम में शामिल भी नहीं किया गया था। गोलीकांड और मारपीट की घटना के बाद पीजीआई रेफर किए एक बावा समर्थक ने इस मामले में थाना प्रभारी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। ऐसे में अचानक थाना प्रभारी का तबादला होना लोगों को प्रशासन का रूटीन वर्क नहीं लग रहा।
चुनावों के चलते रोजाना हो रहे तबादले : डीएसपी
डीएसपी वीर बहादुर ने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है। चुनावों के चलते चुनाव आयोग के निर्देशों पर रोजाना कई तबादले हो रहे हैं। यह तबादला भी नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है।