सोलन। औद्योगिक क्षेत्र परवाणू में कैंटर यूनियन विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। शनिवार को दोनों गुटों में अलग-अलग जगह हुई हिंसक झड़पों के बाद पुलिस ने क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। पहले मामले में सुखविंद्र सिंह पुत्र परसन सिंह ने पुलिस को बताया कि वह प्रमोद शर्मा पुत्र अमरनाथ की गाड़ी का चालक है। शनिवार सुबह जब वह सेक्टर-3 में सहकारी सभा के कार्यालय के आंगन में धूप सेंक रहा था तो एक पजेरो गाड़ी में दीपू और तीन अन्य लोग सवार होकर उसके सामने पहुंच गए। तीनों ने मिलकर सुखविंद्र सिंह पर तलवार से हमला कर दिया।
हमले में उसके हाथ पर चोट लगी है। पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और जाते समय हवा में 2-3 फायर भी किए। हमले के बाद वह बड़ी मुश्किल से जान बचाकर मौके से भागा। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दूसरे मामले में प्रदीप कुमार ने आरोप लगाया है कि उसका कालका में गाड़ियों का काम है। शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह अपने दोस्तों के साथ शीतला माता मंदिर परवाणू के पास स्थित अपने ससुर के कार्यालय आया था।
जैसे ही वह सीढ़ियां चढ़ने लगे, उन्हें प्रमोद शर्मा निवासी धगढ़ व कालू, रूबल व पिंकू ने घेर लिया। इस दौरान सबने मिलकर उन पर हमला बोल दिया। पीड़ित प्रदीप कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि पिंकू ने देसी कट्टा और रॉड निकाल कर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित के अनुसार इस मारपीट में उसकी दोनों टांगों, अमित के पैर और घुटने में चोट आई है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा ने मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।