सोलन। शहर में मालरोड से अतिक्रमण हटाने का अभियान रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस दौरान लोक निर्माण विभाग ने उन कब्जों को हटा दिया जिन्हें नोटिस दिए गए थे। प्रशासन दो दिन में शहर से अब तक करीब दो दर्जन अवैध कब्जाधारकों पर कार्रवाई कर चुका है। शनिवार को शहर में पांच खोखा धारकों और करीब सात अन्य कब्जाधारकों को हटाया गया था। इस दौरान विभाग ने जेसीबी की मदद से कब्जे गिराए थे।
उधर, मालरोड पर चल रही इस कार्रवाई के खिलाफ स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। कारोबारियों ने लोक निर्माण विभाग व प्रशासन पर भेदभावपूर्ण कार्रवाई करने की बात कही। गौरतलब है कि नगर परिषद की परिधि में 44 कब्जों को अवैध घोषित किया गया है। इन कब्जाधारकों को नोटिस भी जारी किए गए हैं। नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता बीएस ठाकुर ने बताया कि निशानदेही कर दी गई है और अवैध कब्जों की रिपोर्ट प्रशासन व अन्य संबंधित विभागों को सौंप दी है। जिन कब्जाधारकों ने कब्जे नहीं हटाए हैं उन पर कार्रवाई होना तय है।