बैंक में प्रबंधक ने की छेड़छाड़, युवती ने की दी धुनाई
चेक जमा करवाने आई थी सेल्स गर्ल
प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज
युवती ने बैंक में की प्रबंधक की धुनाई, कारोबारियों ने किया हंगामा
बैंक प्रबंधक पर नशे में होने का आरोप, पुलिस ने करवाया मेडिकल
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन।
शहर के मालरोड स्थित राष्ट्रीकृत बैंक में मंगलवार को चेक जमा करवाने गई एक सेल गर्ल ने बैंक प्रबंधक के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। युवती के इस आरोप के बाद बैंक में खूब हंगामा बरपा। कारोबारियों ने बैंक में धावा बोल दिया और युवती ने लोगों की मौजूदगी में बैंक प्रबंधक की धुनाई कर दी।
काफी देर तक बैंक में गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर भादंसं की धारा 354 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि वह बैंक चेक जमा करवाने गई थी। इस दौरान बैंक प्रबंधक शराब के नशे में ड्यूटी पर था। चेक पर जैसे ही वह प्रबंधक के हस्ताक्षर करवाने गई तो आरोपी ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। इससे आहत होकर वह बैंक से वापस दुकान पहुंच गई। पीड़ित युवती ने आपबीती दुकान मालिक को बताई। इसके बाद दुकान मालिक साथी कारोबारियों और युवती के साथ बैंक पहुंच गया। इस दौरान युवती ने बैंक में आरोपी प्रबंधक की धुनाई शुरू कर दी।
बैंक प्रबंधक की धुुनाई और कारोबारियों से बहसबाजी बैंक में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। बैंक में हंगामे के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने मेडिकल करवाने के बाद आरोपी बैंक प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर, बैंक प्रबंधन ने भी इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने की बात कही है। बैंक के सहायक प्रबंधक विक्रम ठाकुर ने बताया कि युवती के साथ यदि छेड़छाड़ जैसी कोई बात हुई थी या उसे बैंक प्रबंधक के नशे में होने का शक था तो इसकी पहली शिकायत बैंक के दूसरे अधिकारियों से करनी चाहिए थी। युवती और कारोबारियों ने बैंक में घुसकर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई है। बैंक में कार्यरत दूसरे स्टाफ कर्मचारियों से भी दुर्व्यवहार किया है। इसकी शिकायत पुलिस में की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह सारा वाकया का सीसीटीवी फुटेज में है।
पुलिस अधीक्षक मोहित चावला ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन करेगी, उसके बाद आगामी कदम उठाया जाएगा।