बद्दी (सोलन)। प्रवासी महिला की हत्या करके फरार हुए आरोपी साहिब सिंह को पुलिस ने पंजाब के होशियारपुर बस अड्डे से गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ एमआर नाइक की अगुवाई वाली टीम ने जगह-जगह उसकी तलाश में दबिशें दीं और बिना किसी मोबाइल लोकेशन के ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पकड़ना पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। आरोपी ने कंपनी में अपना घर का दूरभाष नंबर दिया था और उसका मोबाइल नंबर भी पुलिस के पास नहीं था। आरोपी महिला की हत्या करने के बाद उसका शव सूटकेस में बंदकर डस्टबिन में फेंक गया था। महिला विवाहिता थी लेकिन आरोपी के संग भागकर बद्दी आ गई थी। यहां तकरार के बाद कथित प्रेमी ने महिला को मौत के घाट उतार दिया था।
एसएचओ की अगुवाई वाली टीम में एएसआई जीत सिंह, हेडकांस्टेबल हेमराज और अमित, कांस्टेबल वीरेंद्र तथा हरविंदर ने आरोपी को गिरफ्तार करने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस के मुताबिक मृतक महिला निर्मला पत्नी इंद्रयाज निवासी गांव हामीनगर, तहसील बिलासपुर, जिला रामपुर, यूपी बद्दी में जून माह में आई थी। यहां एक उद्योग में बतौर ट्रेनी काम कर रही थीं। उसके साथ उसी के गांव का हत्यारोपी साहिब सिंह भी रहता था जिसे महिला ने यहां उसका अपने पति के रूप में परिचय करवाया था। लेकिन 14 सितंबर की रात्रि को हत्यारोपी साहिब सिंह ने निर्मला को मौत के घाट उतार दिया और उसका शव सूटकेस में डालकर वार्ड-7 बददी में किराये के मकान के साथ ही कूड़ेदान में डाल दिया था। 15 सितंबर को सफाई कर्मियों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम करवाकर देह उसके पति इंद्रयाज को सौंप दी है। एसपी राहुल नाथ ने कहा कि बद्दी पुलिस थानाध्यक्ष एमआर नाइक की अगुवाई वाली टीम ने हत्यारोपी को धर दबोचा है।