फार्मा उद्योग के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, 18 घायल
बद्दी की सड़कों पर सरेआम गुंडागर्दी का नंगा नाच, कर्मचारी यूनियन के गठन पर मचा है बवाल
गुस्साए कर्मचारियों ने किया पुलिस थाने का घेराव
अमर उजाला ब्यूरो
बद्दी (सोलन)। भुड्ड स्थित फार्मा उद्योग टोरेंट फार्मा के कर्मचारियों पर कुछ लोगों ने नेशनल हाईवे पर सरेआम हमला कर दिया। इससे कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरे पक्ष ने पुलिस में क्रॉस एफआईआर दर्ज करवा दी है जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों ने उन पर बिना वजह हमला किया। बद्दी के निकट मलकूमाजरा में नेशनल हाईवे पर काफी समय तक गुंडागर्दी का नंगा नाच होता रहा। कुछ लोग यूनियन का गठन करने जा रहे मजदूरों को डंडों, रॉड और लाठियों से पीटते रहे। उनको बचाने वाला कोई नहीं था। टोरेंट के मजदूरों रविदत्त, नंदलाल, राजीव ने बताया कि आज उनका स्वर्ण महोत्सव था और वे सहमति से कंपनी में एसीडब्ल्यू केमिकल वर्कर्स यूनियन का गठन करने जा रहे थे। इसमें वीरवार को झंडे की रस्म अदायगी होनी थी। जैसे ही वे कंपनी के पास पहुंचे और रात्रि शिफ्ट समाप्त करने वाले व नई शिफट वाले कंपनी के नजदीक पहुंचे तो सुच्चा सिंह, नरेंद्र कुमार, बिल्ला सिंह, दलेल, विपिन, नीरज ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें कई वर्कर गंभीर रूप से घायल हो गए। मजदूरों ने आरोप लगाया कि यह सब मैनेजमेंट की शह पर हुआ है।
दूसरी शिकायत में प्रता सिंह व सुच्चा सिंह निवासी भुड्ड ने शिकायत दर्ज करवाई है कि जब वह कुश्ती मैदान के पास से अपने काम पर जा रहे थे तो रवि, राहुल, नरेश, राजीव, नंदलाल, विजय कुमार, बलवंत, संदीप कुमार, सुनील, प्यार चंद, कर्ण सिंह, सौरभ कुमार, नसीब, श्याम लाल व महेंद्र कुमार ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया जिसमें वे घायल हो गए। दूसरे पक्ष ने जिन पर आरोप लगाए हैं, वे सब टोरेंट कंपनी के कर्मचारी हैं।
डीएसपी बद्दी अजय कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें आई हैं। । मामले की गहना तफतीश की जा रही है। जो भी दोषी पाया गया उसको बख्शा नहीं जाएगा। घायल कामगारों का मेडिकल करवाया है। पुलिस ने 16 घायल कामगारों और दूसरे पक्ष के दो स्थानीय लोगों का मेडिकल करवाया है। मजदूरों ने कहा कि वे शांतिपूर्वक यूनियन का गठन करना चाहते थे जो कंपनी व उनके कुछ चहेतों को रास नहीं आया। इसलिए उन पर हमला किया गया।