जाबली की महिला के बैंक खाते से उड़ाए 51 हजार रुपये
हरियाणा राज्य से चार बार निकाली गई राशि
पीड़ित महिला ने बैंक प्रबंधन को दी लिखित शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
सोलन। जाबली की एक महिला के एसबीआई खाते से करीब 51 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। उक्त महिला के खाते से हरियाणा राज्य के एटीएम से पैसे निकाले गए हैं। हालांकि महिला का एटीएम उसके पास ही मौजूद था, इसके बावजूद शातिरों ने उसके खाते से उक्त राशि को निकाल लिया है।
महिला ने उक्त मामले की शिकायत बैंक प्रबंधन शाखा जाबली में की है। खाता धारक महिला सुनीता निवासी जाबली गांव नोन ने बताया कि उसका एसबीआई बैंक की जाबली शाखा में काफी समय से खाता चल रहा है और वह इसका प्रयोग भी कर रही है। इसके खाते में सब कुछ एकदम सही से चल रहा था। एक मार्च तक उसके खाते में बकाया राशि 51 हजार 145 रुपये थी, जो कि उसकी पासबुक में भी एंट्री की गई है, लेकिन तीन मार्च से उसके खाते में से पैसे निकलना शुरू हो गया था। इसके बाद उन्होंने निकाली गई राशि की स्टेटमेंट निकाली, जिसमें तीन मार्च को हरियाणा राज्य दो बार उसके खाते से पैसे निकाले गए हैं। इसमें पहली राशि 10 हजार 23 रुपये और दूसरी बार 10 हजार की राशि निकली है। वहीं, जीटी करनाल रोड से 10 हजार 23 रुपये की दो बार और फतेहबाद से 10 हजार 23 की एक बार राशि निकाली गई है, जो कि 4 मार्च को निकाली गई है। उनका एटीएम कार्ड उनके पास ही था। अब उनके खाते में सिर्फ 933 रुपये ही बचे है। इसके बाद उन्होंने इसकी शिकायत बैंक प्रबंधन को दी है, जिसमें उन्होंने उक्त निकाली गई राशि कहां गई है, और इसे वापिस लाने के लिए क्या प्रयास करने चाहिए के बारे में बताने की मांग की है। वहीं उन्होंने बताया कि एसबीआई शाखा जाबली की प्रबंधन ने उन्हें हर तरह का सहयोग देने का आश्वासन दिया है। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी।