अमर उजाला ब्यूरो
परवाणू (सोलन)। औद्योगिक शहर परवाणू में पिछले दिनों हुए कैश समेत एटीएम मशीन की लूट के मामले में दोनों आरोपियों को तीन दिन की पुलिस रिमांड मिली है। इससे पहले दोनों आरोपियों को छह दिन की पुलिस रिमांड मिली थी। यह रिमांड खत्म होने पर परवाणू पुलिस ने दोनों आरोपियों को कसौली कोर्ट में पेश किया जिसके बाद दोनों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।
रिमांड के दौरान परवाणू पुलिस पूछताछ में लूटे गए करीब नौ लाख कैश के बारे में जानकारी जुटाएगी। हालांकि, पहली रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों ने खाली एटीएम मशीन के बारे में जानकारी दी थी और परवाणू पुलिस ने खाली मशीन को परवाणू के साथ लगते हरियाणा के मोरनी के जंगल से बरामद किया था। हालांकि लूटे गए रुपये को अभी तक बरामद नहीं किए जा सका है।
इस मामले में दोनों आरोपियों धर्म सिंह उर्फ धामा और इकरान को नालागढ़ से परवाणू को ट्रांसफर किया है। इसके बाद दोनों को कसौली कोर्ट में पेश किया गया। हालांकि इस मामले में अभी एक आरोपी फरार है। परवाणू पुलिस की मानें तो फरार तीसरा आरोपी के नेपाल भागने की सूचना है। उसकी धरपकड़ के लिए पूरी कोशिश की जा रही है।
आरोपियों को फिर से मिली रिमांड
एसएचओ परवाणू रूपेश कांत ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान खाली एटीएम मशीन बरामद किया है लेकिन अभी तक कैश नहीं मिल सका है। पुलिस को आरोपियों की तीन दिन की रिमांड और मिल गई है। उक्त आरोपियों से कैश के बारे में जानकारी ली जाएगी।