बददी/नालागढ़ (सोलन)। जिला पुलिस बद्दी की नशाखोरों पर कार्रवाई जारी है। पुलिस ने एक कार से 28 बोतलें अंग्रेजी शराब की बरामद कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन को भी कब्जे में ले लिया है। पुलिस की टीम नालागढ़ उपमंडल के कंगनवाल में खेड़ा मंदिर के पास गश्त पर थी तो राजपुरा की ओर से एक आल्टो कार आई, जिसे तलाशी के लिए रोका गया। इसमें से 11 पेटियां रॉयल स्टैग, 3 पेटियां बलेंडर प्राइड और 14 पेटियां इंपीरियल ब्लू शराब की बरामद की गई। पुलिस ने इसमें लखविंद्र और विजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
371 ग्राम चरस के साथ महिला पकड़ी
बद्दी (सोलन)। पुलिस ने गश्त के दौरान चक्का रोड़ पर हैटरो कंपनी के पास झुग्गी में रहने वाली एक प्रवासी महिला से 371 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी महिला गीता देवी पत्नी राजपाल निवासी गांव टाडान मारपुर, डाकघर मिल, तहसील बिलारी, जिला मुरादाबाद यूपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
अवैध खनन पर 50 हजार जुर्माना वसूला
बद्दी (सोलन)। जिला पुलिस प्रमुख के नेतृत्व में अवैध खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। पुलिस ने एक टिप्पर और दो ट्रैक्टरों को पकड़ा है। इनसे खनन अधिनियम के तहत 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला है। एसपी गौरव सिंह ने कहा कि अवैध और अवैज्ञानिक ढंग का खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा और पुलिस की यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।