बरोटीवाला (सोलन)। दून विधानसभा क्षेत्र के लोदीमाजरा में पानी की किल्लत को लेकर लोगों ने खूब हंगामा किया। पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी के नेतृत्व में महिलाओं ने खाली बर्तनों के साथ नारेबाजी की। हालात इस कद्र बेकाबू हो गए कि स्थानीय उपप्रधान और एक अन्य व्यक्ति में पंचायत कार्यालय में धक्का मुक्की तक हो गई। पंचायत प्रतिनिधियों को इसके बाद पुलिस बुलानी पड़ी।
स्थानीय निवासी एवं पूर्व प्रधान राम लाल, पूर्व उपपप्रधान गुरनाम सिंह, मदनलाल, पूर्व बीडीसी भगत राम, मास्टर चरणदास, मदनलाल, जोगिंद्र, जोनी, तिलकराज, वार्ड सदस्य देवी राम, राजेश कुमार, रविंद्र कुमार, मेहरचंद, उषा रानी, महिंद्रो देवी, सुनीता, निर्मला, चरणो देवी, लक्ष्मी लंबड़दार, सुरेश, हरबंस और गुरनाम सिंह ने कहा कि 15 दिन से लोग पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। विभाग उन्हें पानी देने की बजाय राजनीति कर रहा है। गांव में आधे लोगों को पानी मिल रहा है और आधे को पानी की बूंद-बूंद को तरसना पड़ रहा है।
पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि पूरे दून विस क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। वर्तमान विधायक लोगों की समस्याओं को सुलझाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। विधायक पानी के लिए राजनीति कर रहे हैं और मतभेद भी हो रहे है। राम कुमार ने कहा कि बेशक वो वर्तमान में विधायक नहीं है लेकिन वो लोगों की हर समस्या में उनके साथ खड़े हैं।
पंचायत नहीं दे रही एनओसी : मदन कुमार
लोदीमाजरा में पानी की समस्या को लेकर स्थानीय उपप्रधान और एक अन्य व्यक्ति मदन कुमार की पंचायत कार्यालय में धक्का मुक्की हो गई। मामला बद्दी पुलिस तक पहुंच गया। स्थानीय निवासी मदन लाल ने कहा कि जब पूर्व विधायक राम कुमार चौधरी और स्थानीय लोग अपने निजी चंदे से हैंडपंप लगा रहे हैं तो स्थानीय उपप्रधान ने उन्हें एनओसी देने से इंकार कर दिया। साथ ही पंचायत घर से बाहर निकालने पर उतारू हो गया।
सरकारी काम में बाधा डाली : उपप्रधान
उपप्रधान कश्मीरी लाल ने कहा कि यह लोग गांव में 200 साल पुराने कुएं के पास हैंडपंप के लिए एनओसी मांग रहे हैं। आज पंचायत में मदन आया और जबरदस्ती एनओसी मांगने लगा। इस व्यक्ति ने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने की कोशिश की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत स्थानीय पुलिस को दे दी है। वहीं दूसरी ओर मदन लाल ने भी इसकी शिकायत पुलिस को दी है।
पुलिस कर रही है कार्रवाई : डीएसपी
डीएसपी खजाना राम ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर भेज दी हैं। दोनों पक्षों की शिकायत सुनी जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन के बाद उचित कदम उठाएगी जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।