पुलिस थाना बद्दी के तहत बाल्द खड्ड में नहाने गए दसवीं के छात्र की डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद बद्दी पुलिस और दमकल विभाग के अधिकारी तथा कर्मचारी मौके पर पहुंचे। तीन घंटे के लंबे चले रेस्क्यू आपरेशन के बाद देर शाम शव को कुंड से बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार दसवीं कक्षा का छात्र रविंद्र कुमार पुत्र केदारा सिंह निवासी गांव गुल्लरवाला तहसील बद्दी अपने साथियों के साथ बाल्द खड्ड नवांनगर कुंड में दोपहर को नहाने गया था। लेकिन वह कुंड की गहराई को वह भांप नहीं पाया और इसमें डूब गया। साथियों द्वारा इसकी सूचना लोगों को दी। इस पर वहां ग्रामीण एकत्रित हो गए। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग को दी सूचना दी गई।
दोनों विभागों के कर्मचारी तथा अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। दमकल विभाग बद्दी के अग्निशमन अधिकारी प्रकाश शर्मा ने कहा कि तीन घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शव को बाहर निकाला गया।