सरैया मुबारकपुर गांव में निर्माणाधीन मकान की रखवाली कर रहे एक बुजुर्ग की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के सरैया मुबारकपुर गांव निवासी गया प्रसाद पांडेय (80) घर से करीब पांच सौ मीटर दूर स्थित तालाब के समीप अपना मकान बनवा रहे थे। रोज की तरह गया प्रसाद रात को साढ़े 10 बजे खाना खाकर निर्माणाधीन मकान की रखवाली करने गए थे।
सुबह पांच बजे गया प्रसाद का बड़ा बेटा कपिल देव पांडेय पिता को चाय देने गया तो चारपाई पर उनका शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। सिर को किसी ईंट से कूंचा गया था। हत्या की सूचना पाते ही एएसपी विनय सिंह, एसओ अखंडनगर मदनलाल पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने घटना स्थल की बारीकी से जांच की। एसओ ने बताया कि मृतक के बेटे कपिल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।