बद्दी (सोलन)। बरोटीवाला थाना के तहत पलांखवाला में एक निजी अर्पाटमेंट में हुई हत्या की वारदात को पुलिस ने सुलझा लिया है। तीन दिन पहले अपार्टमेंट के एक कमरे से पुलिस ने तेजेंद्र ठाकुर का शव बरामद किया था। शव पर तेजधार हथियार के निशान थे। पुलिस ने इसमें हत्या का मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू की थी। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल को आधार बनाकर इस मामले में दो आरोपी युवकों को गिरफ्तार किया है। यह दोनों तेजेंद्र ठाकुर के साथ काम करते थे। पुलिस अब पता लगा रही है कि आखिर इन दोनों ने तेजेंद्र ठाकुर को मारा क्यों? पुलिस के समक्ष आरोपियों ने चेन स्नैचिंग की वारदातों का भी खुलासा किया है। तेजेंद्र को भी इन्होंने लूट के इरादे से मारा। इन्हें शंका थी कि तेजेंद्र के पास काफी पैसा है। आरोपी तेजेंद्र को मारकर उसकी सोने की चेन को छीनकर ले गए थे।
पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश करके रिमांड हासिल करेगी। मृतक तेजेंद्र ठाकुर पुत्र उदयवीर ठाकुर निवासी हमीरपुर का रहने वाला था तथा यहां झाड़माजरी में स्कॉल एडिल उद्योग के स्टोर में कार्य करता था। लेकिन तीन दिन पहले उसका शव इसी अपार्टमेंट में मिला था। बरोटीवाला थाना प्रभारी जय राम डोगरा ने बताया कि पुलिस ने अपार्टमेंट में हुई हत्या के मामले में विजय और विनय दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल कर लिया है। यह दोनों मृतक के साथ ही काम करते थे। एसपी राहुल नाथ ने कहा कि पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश करके उनका पुलिस रिमांड हासिल करेगी। इस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।