व्हाट्सएप व वॉयस नोट से भेजा धमकी भरा संदेश, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में एक व्यक्ति से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगने और पैसे न देने पर जान से जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोपी ने कथित तौर पर व्हाट्सएप संदेश और वॉयस नोट के माध्यम से शिकायतकर्ता को धमकाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(4) और 351(4) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बद्दी के चक्का गांव में किराये के मकान में रहने वाले राशिद पुत्र चांद खां ने बताया कि 25 अक्तूबर को उसे एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर संदेश प्राप्त हुआ। संदेश भेजने वाले ने उससे 50 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की और रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद 31 अक्तूबर को दोबारा उसी व्हाट्सएप नंबर से एक वॉयस नोट भेजकर फिर से धमकी दी गई। राशिद ने बताया कि उसका धमकी देने वाले व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार का कोई लेन-देन नहीं है। उसने यह भी जानकारी दी कि व्यक्ति का अपना टैक्सी ट्रैवल्स का काम है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से आरोपी की शीघ्र पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस धमकी देने वाले व्यक्ति और उसके मोबाइल नंबर की जांच में जुटी है।