प्रभावित लोग मंदिर व झुग्गी में रहने को मजबूर, नहीं मिली कोई मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। दून विधानसभा के पहाड़ी क्षेत्र की साई पंचायत के गांव खखरौंन व दभूड के 15 घरों में दरारें आने से गांव में दहशत का माहौल है। गांव के राजू वशिष्ठ ने बताया कि उनके गांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण खखरौंन के हेत राम, सुखराम, राजू, रामेश्वर, देवराज, मोहन लाल, सोहन लाल, कीडु राम, नंद लाल, देश राज और पंचायत के दूरदराज के गांव दभूड के श्याम लाल, सीता राम, सरूप सिंह व मेलु राम के मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं, इस कारण मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। हर रोज हो रही भारी बारिश से दरारें बढ़ती जा रही हैं। वहां रहना उनके लिए खतरे से खाली नहीं है। लोगों ने बताया कि प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई राहत नहीं मिली है। खखरौंन गांव के प्रभावितों को केवल एक-एक तिरपाल ही मिली है।
स्वरूप व मेलू राम ने माहूनाग मंदिर, श्याम लाल ने जंगल में तिरपाल से झुग्गी बनाई है, वहीं सीता राम ने हाड़ा में शरण ली है। अन्य लोग अपने रिश्तेदारों के घर में रहने को मजबूर हैं। ग्राम पंचायत साई के प्रधान मेहर चंद, बीडीसी नालागढ़ के उपाध्यक्ष प्रेम चंद ठाकुर, वार्ड सदस्य चंपा देवी व राम गोपाल के साथ बुधवार मौका देखा और लोगों से सुरक्षित रहने को कहा गया है। सभी के घरों को खाली करवा दिए गया है। इन दोनों गांव के सभी सदस्यों ने प्रशासन से उचित मुआवजा और घर बनाने के लिए अलग से सुरक्षित जगह पर जमीन अलॉट करने की गुहार लगाई है।