सोलन। ओच्छघाट के समीप स्थित शूूलिनी यूनिवर्सिटी के चांसलर समेत जिले में कुल 19 लोग कोविड पॉजिटिव पाए गए हैं। विवि के चांसलर और उनके बेटे की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जिन्हें स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर आईसोलेट किया गया है। वहीं, विवि में अन्य लोगों की टेस्टिंग भी की जा रही है।
इसके अलावा 14 जीटीसी सुबाथू में एक सैनिक समेत परिवार के तीन सदस्य संक्रमित पाए गए हैं। इसकी पुष्टि जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने की है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार को जिला से 1171 सैंपलों की जांच की गई, जिनमें 348 आरटीपीसीआर और 823 सैंपल रैपिड एंटीजन टेस्ट से जांचे गए। इनमें कुल 19 लोग पॉजिटिव पाए गए। 15 रैट से जबकि चार मामले आरटीपीसीआर से पॉजिटिव आए हैं। इनमें एक मामला सोलन शहर से भी शामिल है। धर्मपुर ब्लॉक से सर्वाधिक 11 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें शूूलिनी यूनिवर्सिटी के दो मामले शामिल हैं। वहीं सुबाथू से एक गोरखा सैनिक परिवार के तीन लोग संक्रमित हुए हैं। नालागढ़ से ब्लॉक से तीन, सायरी से एक, अर्की से एक और दो अन्य मामले शामिल हैं। बताया जा रहा है कि शूलिनी विवि में इन दिनों विद्यार्थियों की परीक्षाएं चल रही हैं। कुछ दिन पहले होस्टल की एक फैकल्टी सदस्य कोविड पॉजिटिव पाई गई थीं, जिसके बाद विवि को दो दिन के लिए बंद किया जा चुका है। लेकिन अब फिर से कोविड मामले बढ़ने से विद्यार्थियों में भय का माहौल है। वहीं, जिला में कोविड के अब तक कुल 90 सक्रिय मामले हो चुके हैं।