फोरलेन के निर्माण से उजड़े कारोबारियों को धर्मपुर के एमईएस में शॉपिंग कांप्लेक्स बनाकर बसाने की आस फिर से जगी है।
- फोटो : Demo pic
फोरलेन के निर्माण से उजड़े कारोबारियों को धर्मपुर के एमईएस में शॉपिंग कांप्लेक्स बनाकर बसाने की आस फिर से जगी है। तमाम कोशिशों के बाद पंचायत ने सभी दस्तावेज एकत्र करके एमईएस यार्ड में दुकानें खड़ी करने की कवायद तेज कर दी है। इससे पहले भी कवायद शुरू की थी लेकिन इसे कामयाबी नहीं मिल सकी है। प्रभावितों का कहना है कि फोरलेन निर्माण का मुद्दा जल्द मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया जाएगा।
परवाणू-सोलन फोरलेन में प्रभावित धर्मपुर के कारोबारियों को दोबारा बसाने की कवायद एक बार फिर तेज हो गई है। इसके लिए स्थानीय पंचायत ने एमईएस यार्ड से संबधित करीब सभी दस्तावेज एकत्रित कर लिए हैं। इसका प्रस्ताव ग्रामसभा में पास कर लिया है।
शॉपिंग कांपलेक्स में सरकारी कार्यालय, बैंक और पंचायत घर के लिए एक मंजिल रखने का भी प्रावधान किया जा रहा है। इसके लिए पंचायत का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही हिमाचल खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश चौहान की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री से मिलेगा। इसमें कारोबारियों को बसाने के लिए वर्तमान स्थिति के बारे में अवगत करवाया जाएगा।
पंचायत प्रधान ओम प्रकाश पंवर ने बताया कि वर्तमान में एमईएस यार्ड धर्मपुर पर मालिकाना हक सरकार का है। जमीन पर कब्जा डिफेंस का है। इस भूमि को दोबारा से सरकार के नाम करने के लिए राज्य सरकार केंद्रीय रक्षा मंत्री को निवेदन पत्र भेजेगी। इसके संबंध में रक्षा मंत्रालय से बात कर ली है। इस क्षेत्र में फोरलेन का कार्य शुरू होते ही इसका स्वरूप दोबारा से बेहतरीन ढंग से बनाया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार से कार्य में तेजी लाने की अपील की जाएगी।