चौक के दोनों ओर 25 मीटर का छोड़ा जाएगा रास्ता
सभी वाहन चौक पर घूमकर करेंगे आवाजाही
बद्दी साई मार्ग पर लगने वाले जाम से मिलेगी निजात
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी(सोलन)। बद्दी के वर्धमान चौक को वर्धमान कंपनी अपने सीएसआर के तहत विकसित करेगी। बद्दी के एसडीएम विवेक महाजन ने तहसीलदार के साथ इस चौक का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद इस चौक का सौंदर्यीकरण व चारों और पक्की सड़क बनाने का फैसला लिया गया।
एसडीएम विवेक महाजन ने बताया कि बद्दी साई मार्ग पर वर्धमान चौक से तीन रास्ते जाते हैं। एक रास्ता मखनू माजरा, दूसरा रास्ता थाना व धर्मपुर की ओर जाता है, जबकि तीसरा यूनिकेंप चौक की ओर जाता है। यहां पर हमेशा जाम की स्थित बनी रहती है। सबसे ज्यादा समस्या उस समय पेश आती है जब कोई बड़ा ट्रक औद्योगिक क्षेत्र थाना की ओर मुड़ रहा होता है तो चौक पूरी तरह से जाम हो जाता है। चौक पर जगह कम होने से यह दिक्कत पेश आ रही है।
एसडीएम ने इस चौक का सौंदर्यीकरण व इसे चौड़ा करने का बीड़ा उठाया है। बद्दी में इस तरह से पांच चौक विकसित किए जाएंगे। इस चौक के साथ 70 मीटर जमीन है। यहां पर बीच में 20 मीटर को एक गोलाकार बनाया जाएगा। इस गोलाकार के दोनों ओर 25-25 मीटर जगह बच जाएगी। इस पूरी जगह को कवर करके इसे पक्का किया जाएगा। हाई मास्क लाइट को भी बीच में गोलाकार में लगाया जाएगा। बीच के 20 मीटर के हिस्से को सौंदर्यीकरण किया जाएगा। पहले इसका लोक निर्माण विभाग से एक नक्शा तैयार किया जाएगा। उसके बाद इसे विकसित करने का कार्य किया जाएगा।
विवेक महाजन ने बताया कि वर्धमान कंपनी अपने सीएसआर के तहत इस पार्क को विकसित करेगी और इस चौक का नाम वर्धमान रखा जाएगा। इस चौक के विकसित होने से बद्दी साई मार्ग पर जाम की समस्या का काफी हद तक निवारण हो जाएगा। सभी गोल चक्कर से घूम कर अपने अपनी क्षेत्र की ओर रवाना होंगे।