संवाद न्यूज एजेंसी
नालागढ़ (सोलन)। लाल झंडा सीमेंट वर्कर यूनियन बघेरी ने अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी बघेरी में सभी वर्गों के कामगारों की विभिन्न मांगों को लेकर गेट मीटिंग की। इस मीटिंग में यूनियन के प्रधान गुरुदेव सिंह, महासचिव जितेंद्र, उपप्रधान प्रदीप कुमार कार्यकारिणी सदस्य अमर, नटवर सिंह ने मजदूर विरोधी नीतियों और फैसलों का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया।
कामगारों ने सीटू मजदूर एकता के नारे लगाए और भविष्य में भी शोषणकारी नीतियों के खिलाफ एकजुट होने का प्रण लिया।
यूनियन पदाधिकारियों और आम सदस्यों ने प्रबंधन से बैठक में मजदूर विरोधी नीतियों, सभी कामगारों ने पदोन्नति योजना के तहत निष्पक्षता न बरतने का मुद्दा, पुरानी पेंशन मामले लंबित होने, कुछ ठेकेदारी कामगारों के लिए कोई भी वार्षिक पदोन्नति योजना न लागू होने समेत अन्य लंबित मांगों पर रोष प्रकट किया।
कर्मचारियों ने सभी मांगों को पूरा करने की मांग की। इस दौरान मांगों के बारे में एक शिकायती पत्र भी प्रबंधन को सौंपा। इसके साथ एक प्रति श्रम आयुक्त चंडीगढ़, श्रम अधिकारी बद्दी, प्रबंधन के उच्चाधिकारी और एसडीएम नालागढ़ को भी भेजी गई।
सीटू यूनियन बघेरी ने जेपी सीमेंट बघेरी के समय की पुरानी पेंशन और पीएफ मामले को जल्द हल करने को लेकर ईपीएफओ शिमला और भारत सरकार को एक पत्र भी लिखा है।