बद्दी पुलिस की डिटेक्टिव और माईनिंग सेल रामपुर खड्ड से अवैध खनन करते हुए पकड़ी जेसीबी और टिप्पर।
- फोटो : SOLAN
बद्दी (सोलन)। माइनिंग एंड डिटेक्टिव सेल बद्दी ने पंजाब की सीमा पर कालीबाड़ी पंचायत के अभीपुर गांव में रामपुर खड्ड में निजी और सरकारी जमीन पर खनन करते हुए एक टिप्पर और एक जेबीसी को पकड़ा। पुलिस ने मौके पर दोनों के संचालकों से 65,000 रुपये जुर्माना वसूला है।
बद्दी के माइनिंग एंड डिटेक्टिव सेल के पदाधिकारी दया सिंह, महेश और रमनजीत को सूचना मिली कि बघेरी के समीप काली बाड़ी पंचायत के अभीपुर गांव में रात में खनन हो रहा है। यहां से निकलने वाली भवन निर्माण सामग्री को खनन माफिया रातों रात क्रेशर पर पहुंचा रहे हैं। जिस पर टीम के तीनों पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे। पूरी रात यह तीनों खनन माफिया का इंतजार करते रहे। सुबह करीब चार बजे जैसे ही एक टिप्पर और जेसीबी आई तो इन्होंने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।
पिछले काफी दिनों से यहां पर खनन होने की शिकायतें आ रही थी। इस पर माइनिंग एंड डिटेक्टिव सेल ने कई बार यहां पर दबिश दी लेकिन खनन माफिया का सूचना तंत्र इतना तेज था कि पुलिस के आने से पहले ही वह भाग जाते थे और पुलिस खाली हाथ रह जाती थी। लेकिन इस बार पुलिस इन खनन माफियाओं को पकड़ने में कामयाब रही।
उधर, डीएसपी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस के माइनिंग एंड डिटेक्टिव सेल ने एक टिप्पर और जेसीबी को मौके पर पकड़ने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने मौके पर ही दोनों वाहनों चालकों से 65,000 रुपये जुर्माना वसूला।