पुलिस की वर्दी पहनकर दुकानदारों से पैसा ऐंठने का आरोप
पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की कर रही जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। एसडीआरएफ से निलंबित जवान पर स्थानीय कारोबारियों ने पुलिस की वर्दी पहनकर पैसा ऐंठने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत भी पुलिस को दी है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार युवक बद्दी क्षेत्र का रहने वाला है और एसडीआरएफ शिमला में तैनात था। लापरवाही के चलते उसे विभाग ने सस्पेंड किया है। बताया जा रहा है कि नशे की आदी होने से वह दुकानदारों से वर्दी का रौब झाड़ कर पैसे ले रहा है। अभी तक कई दुकानदारों को चूना लगा चुका है। काठा में मोबाइल की शॉप चला रहे दुकानदार सुनील कुमार ने बताया कि वह पुलिस के बड़े अधिकारियों के नाम पर पैसे ले रहा है। उससे भी कुरियर के नाम पर 3400 रुपये ऐंठ लिए। इससे पहले भी वह क्षेत्र के अन्य कारोबारियों को लूट चुका है। एसपी बद्दी मोहित चावला ने बताया कि पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूछताछ कर रही है।