धर्मपुर(सोलन)। फोरलेन में अधिग्रहीत की गई जमीन को धोखाधड़ी से किराये पर देने का मामला सामने आया है। व्यक्ति के साथ लाखों रुपये की ठगी हुई है जिसकी शिकायत पीड़ित ने पुलिस को दी है।
जानकारी के अनुसार दो भाइयों ने धर्मपुर में किरायानामा बनाते समय खसरा नंबर भी गलत लिखा और धोखे से व्यक्ति को इमारत किराए पर दे दी। इसका महीने का किराया 45 हजार रुपये था और 90 हजार सिक्योरिटी शुरुआत में अदा की गई।
शिकायतकर्ता आंजी निवासी ऋषि पुरी ने इस इमारत में एक रेस्टोरेंट बनाया था जिस पर उन्होंने 50 से 60 लाख खर्च किया। करीब 10 महीने बाद रेस्टोरेंट में नेशनल हाईवे के उच्चाधिकारी आए। उन्होंने बताया कि जिस इमारत में रेस्टोरेंट बनाया है, यह इमारत नेशनल हाईवे ने अधिग्रहीत कर ली गई है। इसका पैसा भी 2017 में संबंधित मालिक को दिया जा चुका है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इमारत खसरा नंबर 74 में बनी हुई है लेकिन इसके किरायेनामे पर खसरा नंबर गलत लिखा हुआ था। जब उसने इन दोनों भाइयों इस बारे में पूछताछ की तो आरोपी उसे धमकियां देने लगे। इस पर व्यक्ति ने धर्मपुर थाना में मामला दर्ज करवाया है।
पुलिस थाना प्रभारी राकेश रॉय ने बताया कि पीड़ित ऋषि पुरी की शिकायत पर विनोद कुमार और प्रमोद कुमार के खिलाफ 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।