नगर पंचायत अर्की के वार्ड नंबर तीन में एक कारोबारी की किसी ने हत्या कर दी।
- फोटो : अमर उजाला
नगर पंचायत अर्की के वार्ड नंबर तीन में एक कारोबारी की किसी ने हत्या कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। इस निर्मम वारदात से हर कोई दहशत में है। वारदात देररात की बताई जाती है। इसका पता शुक्रवार सुबह चला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हरिराम पुत्र स्व. बाल कृष्ण (80) निवासी बागी पलोग अर्की नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3 में अपने मकान में रहता था। इसी मकान में वह करियाने की दुकान करता था। मृतक स्वास्थ्य विभाग से चालक के पद से सेवानिवृत्त हुआ था। शुक्रवार सुबह अर्की पुलिस को इस बात की सूचना मिली की हरिराम की किसी ने हत्या कर दी है।
वारदात का पता उस समय चला जब उनके किरायेदार की एक लड़की उनकी दुकान में सामान लेने गई। लड़की ने दुकान का शटर खुला पाया तो वह दुकान के साथ लगते हरिराम के कमरे में बुलाने चली गई। यहां उसने दुकानदार को चोटिल अवस्था में नीचे गिरे हुए पाया। इसकी सूचना लड़की ने तुरंत घरवालों को दी तथा फिर पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस ने तुरंत घटनास्थल का दौराकर उस स्थान को अधिकारियों और फोरेंसिक लैब की टीम के आने तक सील कर दिया। बाद में फोरेंसिक टीम ने शव से साक्ष्य एकत्रित कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। इसकी पुष्टि डीएसपी दाड़लाघाट नरवीर सिंह राठौर ने की है। बताया कि पुलिस ने मामला दर्जकर लिया है तथा हर पहलु को ध्यान में रखकर इस मामले की जांच की जा रही है।