बस स्टैंड पर लोगों को घंटों बाद गंतव्य जाने के लिए मिलीं बसें
त्योहारों के बीच निगम ने रविवार को लोकल रूट भी किए बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। शादियोंं के चलते जिले में निजी और सरकारी बसें शनिवार और रविवार को व्यस्त रहीं। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार को त्योहारों के बीच एचआरटीसी ने जिला मुख्यालय में चलने वाली मुद्रिका बसों को भी नहीं चलाया। इस कारण त्योहार में खरीदारी करने के लिए बाजार आने वाले लोगों को काफी दिक्कतें आईं।
जबकि पिछले वर्ष नवरात्र से शहर में रविवार को भी पथ परिवहन निगम बसों का संचालन करता था। इस बार अभी तक बसों का संचालन रविवार को शुरू नहीं किया है। शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण लोगों ने बसों में आवाजाही की। ऐसे में बस स्टैंड पर काफी भीड़ देखने को मिली। लेकिन सरकारी और निजी बसें कम होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोगों को बस स्टैंड और स्टॉप पर घंटों बाद बसें मिलीं। अधिकतर परेशानी ग्रामीण क्षेत्रों में आ रही है, जहां पर निजी और सरकारी बसें न मिलने के कारण लोगों को टैक्सियों में आवाजाही की। बता दें कि जिले में शुक्रवार से शादियों का सीजन शुरू हो गया है। इसके चलते कई लोगों ने निजी बसें बुक करवाई हैं। कई सरकारी बसें भी बुक हैं। इस कारण रूट पर कम ही बसें चल रही हैं। इससे लोग परेशान हो रहे हैं। रविवार को सोलन समेत कुमारहट्टी, धर्मपुर बस स्टैंड और स्टॉप पर काफी भीड़ देखने को मिली। हालांकि लांग रूट पर बसें आने से नेशनल हाईवे पर कुछ राहत यात्रियों को मिल रही है। उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेंद्र राजपूत का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रूट सुचारु रूप से चल रहे हैं। लोगों को कोई दिक्कत न आए, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है।