पंचायत प्रतिनिधियों और लोगों ने सरकार का जताया आभार
संवाद न्यूज एजेंसी
बद्दी (सोलन)। बद्दी से साई और रामशहर होते हुए एम्स बिलासपुर के लिए बस सेवा शुरू करने पर लोगों ने सरकार और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार जताया है। पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं साई पंचायत की प्रधान सुमन लता ने बताया कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से एम्स बिलासपुर के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। सीधी बस न होने के कारण मरीजों और तीमारदारों को कई बसें बदलकर अस्पताल पहुंचना पड़ता था। इससे अधिक किराया खर्च होने के साथ समय भी अधिक लगता था।
रामशहर, साई और आसपास की पंचायतों के लोगों ने नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा की अगुवाई में नालागढ़ में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री से मुलाकात कर समस्या से अवगत करवाया था। इस पर उपमुख्यमंत्री ने समस्या के समाधान के लिए बद्दी से साई और रामशहर होते हुए एम्स बिलासपुर के लिए नई बस सेवा शुरू करने की घोषणा की थी।
सुमन लता समेत साई पंचायत के लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा और दून के विधायक राम कुमार चौधरी का आभार जताया।