नालागढ़ (सोलन)। भारतीय किसान यूनियन व संयुक्त किसान मोर्चा की नालागढ़ इकाइयों ने नालागढ़ से पंजाब के आनंदपुर साहिब तक फतेह मार्च निकाला।
दोपहर 12 बजे भारतीय किसान यूनियन ने प्रदेश सेवादार अनेंद्र सिंह नॉटी, जिला अध्यक्ष सुरमुख सिंह, नालागढ़ के विधायक लखविंद्र सिंह राणा, मंडल अध्यक्ष जगजीत सिंह जग्गा, यशवंत सिंह बावा, गुरचरण सिंह चन्नी, परमजीत सिंह जोली, सर्वजीत सिंह राणा, अजीत सिंह, दलजीत सिंह भिंडर, चौधरी उजागर सिंह, हरप्रीत सिंह, पार्षद अमरेंद्र सिंह भिंडर, इंद्रजीत सिंह, हिम्मत सिंह, हरजिंद्र सिंह व अवतार सिंह समेत दर्जनों किसान अपने ट्रैक्टरों और गाड़ियों से नालागढ़ अनाज मंडी में इकट्ठा हुए।
करीब एक घंटा यहां रुकने के बाद फतह मार्च पंजाब के आनंदपुर साहिब के लिए रवाना हो गया।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष अनेंद्र सिंह नॉटी ने कहा कि किसान आंदोलन से प्रदेश के किसान संगठित हो गया है।
किसान-बागवान अपनी समस्याओं को लेकर जल्द ही प्रदेश सरकार से मिलेेंगे और एकजुट होकर समस्या का समाधान किया जाएगा। विधायक लखविंद्र सिंह राणा ने कहा कि वह विधायक बाद में हैं, पहले एक किसान हैं। कांग्रेस पार्टी शुरू से ही किसानों के समर्थन में रही है और सरकार को चाहिए की उनकी मांग पूरी करे।
जिला अध्यक्ष सुरमुख सिंह ने कहा कि सभी फसलों की एमएसपी निर्धारित किया जाए। गेहूं, धान और मक्की के खरीद केंद्र फसल आने से पहले खोले जाएं। खरीद केंद्र देरी से खुलने पर किसानों की धान की फसल खराब हुई है।