कसौली के ऐतिहासिक बैपटिस्ट चर्च के प्रांगण में 13 लाख की लागत से बनने वाले चर्च भवन का शिलान्यास रविवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल ने किया।
उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से अपील की है कि वह लोगों की समस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करें। वहीं विकास के लिए दी गई धनराशि का समुचित उपयोग सुनिश्चित बनाते हुए गुणवत्तायुक्त कार्य पूरे करवाएं। डॉ. शांडिल ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि प्रदेश सरकार और जनता के बीच अहम कड़ी हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के माध्यम से जहां विकास की धनराशि का समुचित उपयोग संभव हो पाता है वहीं जन कल्याण की योजनाएं एवं कार्यक्रम लोगों तक पहुंचाने में सहायता मिलती है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे सभी विचारधाराओं से ऊपर उठकर जन विकास के कार्यों को प्राथमिकता दें। इसके अलावा उन्होंने इस अवसर पर कहा कि कसौली का ऐतिहासिक बैपटिस्ट चर्च वर्ष 1923 में अपनी स्थापना के समय से ही जन कल्याण के कार्यों में संलग्न है। उन्होंने आशा जताई की यह चर्च भविष्य में भी जन कल्याण की अपनी गतिविधियों को जारी रखेगा। उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि समाज में व्याप्त कुरीतियों का डटकर मुकाबला करें और विभिन्न धर्मों के गुरुओं द्वारा दिखाए गए मार्ग को अपनाएं। इसके अलावा उन्होंने चर्च की छत की मरम्मत के लिए 3 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। वहीं इस अवसर पर मंत्री द्वारा जन समस्याएं भी सुनी और अधिकारियों को मौके पर ही इनके निपटाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर पंचायत समिति धर्मपुर की नवनिर्वाचित अध्यक्ष नीता देवी, ग्राम पंचायत चामियां की प्रधान लीला सिंह, ग्राम पंचायत गनोल की प्रधान नीलम शर्मा, ग्राम पंचायत नाहरी के प्रधान राम सिंह, ग्राम पंचायत जंगेशु की प्रधान मालती देवी, ग्राम पंचायत गनोल के उप प्रधान पत राम, कैंट बोर्ड कसौली के उपाध्यक्ष जसप्रीत सिंह, सदस्य देवेंद्र गुप्ता एवं राजीव भारती, तहसीलदार कसौली नारायण सिंह चौहान, सीडीपीओ धर्मपुर हुकम शर्मा, ग्राम पंचायत नाहरी के पूर्व उपप्रधान मनमोहन वशिष्ठ, ग्राम पंचायत भावगुड़ी के पूर्व उपप्रधान बलदेव सिंह, कृष्णमूर्ति अग्रवाल, जिला कांग्रेस समिति के महासचिव प्रताप ठाकुर, मंजु शर्मा, केन्द्रीय अनुसंधान संस्थान कसौली कर्मचारी संघ के उपाध्यक्ष जसबीर सिंह, महासचिव विजय शर्मा, क्षेत्र के वयोवृद्ध नागरिक रविंद्र सूद, एलविन मैसी तथा सिलविया मैसी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।