महिला एवं बाल विकास विभाग की पहल, मातृ और शिशु स्वास्थ्य पर जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में गोदभराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य व पोषण पर ध्यान देने के साथ परिवारों को जागरूक किया जा रहा है। आशा कार्यकर्ताओं के सहयोग से महिलाओं को स्थानीय और मौसमी खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
गोदभराई कार्यक्रमों में गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और गर्भावस्था के दौरान जरूरी सावधानियां बरतने की जानकारी दी जा रही है। वहीं, अन्नप्राशन कार्यक्रम के तहत छह माह की आयु पूरी कर चुके बच्चों को स्तनपान के साथ पूरक आहार देना शुरू करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। परिवारों को बच्चों की साफ-सफाई और पोषण का ध्यान रखने की जानकारी भी दी जा रही है।
जिला कल्याण अधिकारी डॉ. पद्म देव शर्मा ने बताया कि महिलाओं और बच्चों को पौष्टिक आहार व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से ये कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अन्नप्राशन के तहत बच्चे के छह माह का होने पर आंगनबाड़ी केंद्र में उसे पहला निवाला खिलाया जाता है। साथ ही माताओं को स्तनपान जारी रखने और बच्चों को पोषणयुक्त पूरक आहार देने के लिए प्रेरित किया जाता है।