शिक्षा विभाग ने दुरूस्त करवाई सभी खराब पड़ी मशीनें
शिक्षकों समेत अन्य स्टाफ की दो बार लगेगी ऑनलाइन हाजिरी
तकनीकि खराबी के चलते कई स्कूलों में बंद थी बायोमीट्रिक
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। जिले में अब शिक्षकों और अन्य स्कूल स्टाफ को फरलो मारकर स्कूलों से नदारद रहना आसान नहीं होगा। शिक्षा विभाग ने स्कूलों में खराब पड़ी बायोमीट्रिक मशानों को दुरूस्त कर दिया है। अब स्कूलों में रजिस्टर पर नहीं बल्कि ऑनलाइन हाजिरी लगानी होगी।
इसमें अब शिक्षकों को समय पर स्कूल पहुंचना होगा और समय पर स्कूल छोड़ना होगा। समय पर हाजिरी न लगने पर उन्हें पगार कटने की कार्रवाई झेलनी पड़ सकती है। ऐसे में सरकारी स्कूलों में ड्यूटी के समय गैरहाजिर रहने वाले शिक्षकों सहित स्कूल के अन्य स्टाफ की मनमानी पर रोक लग सकेगी। जानकारी के अनुसार कई स्कूलों में तकनीकि खराबी के चलते बायोमीट्रिक मशीन बंद चल रही थी, जिस कारण यहां के अध्यापकों को रजिस्टर में हाजिरी लगानी पड़ रही थी। इसके बाद अब इन स्कूलों की बायोमीट्रिक मशीनों को दुरूस्त कर दिया है। अब संबंधित स्कूलों में ऑनलाइन हाजिरी ही लगानी होगी।
उधर, शिक्षा उपनिदेशक उच्च डॉ. जगदीश नेगी ने बताया कि खराब सभी मशीनें ठीक करवा दी है। हाजिरी स्कूल की घंटी बजने से पहले लगानी होगी। अगर 10 बजे स्कूल लग रहा है तो ठीक दस बजे से पहले हाजिरी लग जानी चाहिए। वहीं छुट्टी हो जाने के बाद भी हाजिरी लगानी होगी अन्यथा शॉर्ट डे होगा। मशीन में सभी शिक्षकों के स्कूल आने-जाने का रिकार्ड ऑनलाइन दर्ज होगा। विभाग के उच्चाधिकारी अपने ऑफिस में बैठ कर शिक्षकों की जानकारी ले सकेंगे।