संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर(सोलन)। कालका-शिमला एनएच पर जाबली स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम का शटर काटकर लूट का प्रयास किया गया। यह मामला शनिवार देर रात का है। इसकी शिकायत रविवार को बैंक अधिकारियों ने पुलिस को दी है। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात्रि शातिरों ने बैंक के बाहर लगे एटीएम कक्ष का शटर गैस कटर से काट दिया। हालांकि चोर एटीएम तक नहीं पहुंच सके और केवल शटर काट कर फरार हो गए। रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों ने देखा तो बैंक स्टाफ को सूचना दी और पुलिस को मौके पर बुलाया।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे एक सप्ताह पहले भी जाबली पंचायत के लशां गांव से भी घर से चोरों ने नकदी और घर में रखे गहनों पर हाथ साफ किया है। इसका अभी तक पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।
जाबली कोटी में बाहरी राज्य के प्रवासी लोग स्थानीय लोगों के किरायेदार बनकर रह रहे हैं जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस थाना में किसी भी किरायेदार का सत्यापन नहीं करवाया है। उधर, थाना प्रभारी धर्मपुर राकेश रॉय ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।