सोलन और बद्दी पुलिस जिला में चोरों के हौसले बुलंद है। सोलन सिटी के कोटलानाला के पास शातिरों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम को तोड़ने की कोशिश की लेकिन चोर नाकाम रहे।
- फोटो : अमर उजाला
सोलन और बद्दी पुलिस जिला में चोरों के हौसले बुलंद है। सोलन सिटी के कोटलानाला के पास शातिरों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम को तोड़ने की कोशिश की लेकिन चोर नाकाम रहे। बद्दी की मशहूर पुरानी सब्जी मंडी में चोरों ने सेंधमारी करते हुए चार दुकानों के ताले तोड़कर लाखों की नगदी ले उड़े। सुनियोजित ढंग से की गई इस वारदात में शातिर दुकानों में लगे एलईडी और कंप्यूटर तक ले उड़े हैं। यही नहीं चोर जाते-जाते दुकानों के ताले तक साथ ले गए। सोलन और बद्दी पुलिस ने सभी घटनाओं की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक बद्दी की सबसे व्यस्त मार्केट पुरानी सब्जी मंडी में चोरों ने मशहूर मिठाई की दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी उड़ा ली। साथ ही दुकान में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे, डीवीआर, एलईडी सभी कीमती उपकरण उतारकर साथ ले गए। चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि साथ लगती जूस की दुकान तथा कपड़ों की दुकान के ताले तोड़कर सभी दुकानों में से पैसों का गल्ला, टीवी और मंहगे मंहगे कंबल तथा कीमती सामान आदि सब कुछ चुरा कर ले गए।
बीबीएन में चोरियों का ग्राफ बढ़ा
डेढ़ माह में इसी तरह की यह चौथी घटना है। इससे पहले बसंती बाग में 4 दुकानों के ताले तोड़कर इसी अंदाज में चोरी को अंजाम दिया था तथा लाखों पर हाथ साफ कर दिया था। इसके 15 दिन के बाद अमरावती कालोनी में भी 2 दुकानों के ताले तोड़कर चोरों ने कई हजारों का सामान उड़ाया था। हनुमान चौक पर फिर चोरों ने एक साथ कई दुकानों के ताले तोड़कर नकदी के साथ लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान साफ कर दिया था। इस तरह डेढ़ माह के अंदर एक ही तरह की यह चौथी घटना है। एसपी बद्दी बिशेर सिंह ने कहा कि पुलिस मुकदमा दर्ज करके जांच कर रही है।
कैश डिस्पेंसिंग बॉक्स तोड़ने की कोशिश
एएसपी सोलन मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोटलानाला में एटीएम के कैश डिस्पेंसिंग बाक्स को तोड़ने की कोशिश की है। लेकिन शातिर कैश नहीं निकाल पाए। सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। शातिर जल्द गिरफ्त में होंगे। चोरी के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। देर रात को इस घटना को अंजाम दिया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह किसी नशेड़ियों का काम हो सकता है। पुलिस के रडार पर कुछ शातिर हैं।