नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ के दभोटा क्षेत्र के बसोट के जंगल में खैर काटने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह वन काटू 24 नवंबर की रात को जंगल में पेड़ काट रहे थे। जैसे ही वन विभाग की टीम मौके पर गई तो ये विभागीय टीम की कार को टक्कर मार कर भाग गए थे। पुलिस ने अभी तीन को पकड़ लिया है और इस मामले में और भी आरोपी हैं। पुलिस जानकारी के अनुसार 24 नवंबर की रात को बसोट के जंगल में खैर के छह पेड़ काटे गए। जिस समय आरोपी पेड़ काट रहे थे तो वन विभाग की टीम वन रक्षक तरसेम लाल, विकास कटोच, शुभम चौधरी व पंकज शर्मा कार से जंगल में गए। जैसे ही वन काटूओं को इनके आने की भनक लगी तो कटी हुए लकड़ी को मौके पर छोड़ कर अपनी गाड़ी से विभाग की टीम की कार को टक्कर मार कर भाग गए। वन विभाग ने दभोटा पुलिस चौकी में इनके खिलाफ मामला दर्ज कराया। पकड़े गए तीन लोगों मे आनंदपुर साहिब के लखर गांव के सोमनाथ (21), बुंगारी गांव के लाल चंद (26) व नैना देवी तहसील के धारोट गांव के जसपाल (36) को हिरासत में लिया है। डीएफओ यशुदीप ने बताया कि वन काटूओं ने वन रक्षकों की कार को गिराने के इरादे से टक्कर मारी थी लेकिन यह बच गए थे और वन रक्षकों की टीम ने लकड़ी को सीमा से बाहर नहीं जाने दिया था।
अन्य आरोपियों की भी होगी गिरफ्तारी
एएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन तीनों को बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में ओर भी कई आरोपी हैं जिन्हें जल्द ही दबोच लिया जाएगा।