APMC Solan constitute committee to protect farmers from cheating
सोलन। जिला सोलन की सब्जी और फल मंडियों में उत्पादकों को ठगी का शिकार नहीं होना पड़ेगा। किसानों-बागवानों को ठगों से बचाने के लिए एपीएमसी ने निरीक्षण कमेटी गठित की है। यह निर्णय किसान-बागवानों से ठगी पर अंकुश लगाने के लिए लिया है। कमेटी में मंडी सचिव अध्यक्ष होंगे जबकि मंडी अधीक्षक, अतिरिक्त मंडी सचिव समेत अन्य कर्मचारियों को सदस्य बनाया गया।
इनका कार्य मंडियों का निरीक्षण करना रहेगा। इस बीच मंडी परिसर सहित बाहर बिना लाइसेंस के कारोबार करने वाले कारोबारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार सब्जी मंडी सोलन और परवाणू सेब मंडी में जिला सोलन, शिमला, सिरमौर समेत कुल्लू के किसान-बागवान भी अपने उत्पाद लेकर आते हैं। मंडी में कई फर्जी कारोबारी उनका उत्पाद अच्छे दामों में खरीदने का झांसा देकर गायब हो जाते हैं। जब तक बागवानों को इसकी जानकारी मिलती है, तब तक वे प्रदेश से बाहर भी चले जाते हैं। पिछले पांच वर्षों में स्थानीय और बाहरी राज्यों के कई कारोबारी किसानों-बागवानों की मेहनत डकार गए हैं। इसके लिए एपीएमसी ने कमेटी गठित की है जिसकी मंडियों पर निगरानी रहेगी।
किसान-बागवानों को ठगी से बचाने पर लिया निर्णय : रविंद्र शर्मा
मंडी समिति सोलन के सचिव डॉ. रविंद्र शर्मा ने कहा कि किसान-बागवानों को ठगी से बचाने के लिए निरीक्षण कमेटी गठित की है। यह कमेटी किसान-बागवानों के बीच रहकर उन्हें जागरूक करेगी। बिना लाइसेंस कारोबार पर भी कार्रवाई करेंगी। आने वाले दिनों में एपीएमसी ने किसानों-बागवानों के लिए शिकायत और हेल्पलाइन नंबर जारी करने की योजना तैयार की जा रही है। इसका निर्णय समिति की बैठक में लिया जाएगा।