अर्की में गिरफ्तार किए सप्लायर की निशानदेही पर की कार्रवाई
आरोपी को लेकर अर्की पहुंची पुलिस, कोर्ट में पेश करने की तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। अर्की पुलिस ने चिट्टा तस्करी का एक मुख्य आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस ने चिट्टे के संबंध में पहले से गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर की है। जिसमें आरोपी को लेकर पुलिस अर्की पहुंच गए हैं। वहीं उसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। जिसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
पुलिस जानकारी के अनुसार अर्की पुलिस ने तिलक राज गौतम निवासी गांव-रिजैरी डाकघर बलेरा अर्की और भवानी सिंह उर्फ भानु निवासी गांव बड़ोग अर्की को क्षेत्र में चिट्टा बेचने पर गिरफ्तार किया था। इस दौरान उनसे 10 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया था। पुलिस ने जब दोनों से इस संबंध में पूछताछ की तो उन्होंने चिट्टे की खरीद चंडीगढ़ से करना बताया। इस दौरान सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने आरोपी का नाम भी पुलिस को बताया। जिसके बाद पुलिस टीम ने एक विशेष टीम गठित कर चंडीगढ़ के लिए रवाना कर दी। जिसमें पुलिस टीम ने आरोपी रिक्की निवासी सेक्टर-25 चंडीगढ़ को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी के खिलाफ चंडीगढ़ में चिट्टा तस्करी के 6 मुक़दमे और एक मुकदमा लड़ाई झगड़े का भी दर्ज है। पांच माह पहले ही आरोपी जमानत पर बाहर आया था, जिसके बाद वह चिट्टे की तस्करी में लग गया था।
उधर, मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह ने की है, उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। जिसे मंगलवार को पेश किया जाएगा। कोर्ट से उसे पुलिस रिमांड पर लेने की मांग की जाएगी।